जबलपुर : छोटी ओमती इलाके में दो गुटों के बीच जमकर संघर्ष, पथराव के बाद 3 थानों की पुलिस फोर्स तैनात

जबलपुर : छोटी ओमती इलाके में दो गुटों के बीच जमकर संघर्ष, पथराव के बाद 3 थानों की पुलिस फोर्स तैनात

प्रेषित समय :11:15:07 AM / Thu, Mar 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. संस्कारधानी शहर के छोटी ओमती क्षेत्र में बुधवार रात करीब 9:30 बजे दो गुटों के बीच आपसी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ, वहीं गोली चलने की खबर से इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. घटना की सूचना मिलते ही बेलबाग, हनुमानताल और कोतवाली थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में लिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भानतलैया से छोटी ओमती मार्ग पर सोनकर समाज के दो गुटों के बीच मामूली विवाद हुआ था. देखते ही देखते दोनों ओर से बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए. पहले आपसी गाली-गलौज हुई और फिर झड़प शुरू हो गई. शरारती तत्वों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए.

इसी दौरान भीड़ में गोली चलने की आवाज सुनाई देने से लोगों में दहशत फैल गई और भगदड़ मच गई. हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और विवाद में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.

पुरानी रंजिश को लेकर फिर हुआ विवाद

विवाद की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है, छोटी ओमती में आयुष औ गब्बू सोनकर समेत कई लोग होली खेलने के बाद अपने घरों के बाहर बैठकर बात कर रहे थे. इसी दौरान वहां राकेश खटीक, अंशुल सोनकर और अप्पा सोनकर पहुंचे और विवाद करने लगे. लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो एक आरोपी ने गोली चला दी. विवाद के दौरान आयुष घायल हो गया, इसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया.

इस दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव शुरू कर दिया, जिसका वीडियो भी सामने आया है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा. पुलिस इस मामले में पथराव के वीडियो और आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान कर रही है. विवाद में प्रारंभिक रूप से जिनका नाम सामने आया है, वो सभी फरार हो गए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-