अनिल मिश्र/पटना
सर्दी खत्म होते ही बिहार प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी कर दिया है. बिहार में 9 मार्च से मौसम बदलने के आसार हैं. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सप्ताह सीमांचल, कोसी और दक्षिण बिहार के जिलों में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. इस दौरान कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग ने इसका येलो अलर्ट जारी किया है.इस संबंध में पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी उत्तरी ओडिशा और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है.
आगामी 9 मार्च से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है .इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार 9 मार्च को किशनगंज, अररिया, सुपौल और मधुबनी जिले में कुछ जगहों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान कहीं-कहीं वज्रपात की भी आशंका है. वहीं, मंगलवार 10 मार्च को शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिले में येलो अलर्ट है. जबकि 11 मार्च को दक्षिण बिहार में भी इसका असर देखने को मिलेगा. इस दिन कोसी, सीमांचल के साथ-साथ दक्षिण बिहार के कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गयाजी, नवादा जैसे जिलों में भी आंधी, वज्रपात, मेघगर्जन की संभावना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

