काठमांडू. नेपाल में आम चुनाव 2026 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बड़ा राजनीतिक उलटफेर दिख रहा है. देश के 43 निर्वाचन क्षेत्रों से आए शुरुआती नतीजों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने जबरदस्त बढ़त बना ली है. चुनाव आयोग के मुताबिक पार्टी 35 सीटों पर आगे चल रही है, जिससे पारंपरिक दलों के लिए खतरे की घंटी बज गई है. यह चुनाव पिछले साल हुए बड़े राजनीतिक तख्तापलट के बाद हो रहा है, जब जेन-जी के नेतृत्व वाले हिंसक प्रदर्शनों ने केपी शर्मा ओली की सरकार को गिरा दिया था. गुरुवार को हुए मतदान में करीब 60 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई.
शुरुआती रुझानों के अनुसार नेपाली कांग्रेस 4 सीटों पर आगे है, जबकि सीपीएन-यूएमएल 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. वहीं नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी केवल एक सीट पर आगे है. अन्य दल जैसे राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी, जनता समाजवादी पार्टी-नेपाल, उज्यालो नेपाल और श्रम संस्कृति पार्टी अभी तक किसी सीट पर बढ़त नहीं बना पाए हैं. इस चुनाव में कई बड़े नेता मैदान में हैं. इनमें पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली, शेर बहादुर देउबा और पुष्प कमल दहल (प्रचंड) शामिल हैं. वहीं 49 वर्षीय गगन थापा भी प्रधानमंत्री पद की दौड़ में हैं और उन्होंने लंबे समय से सत्ता में बने पुराने नेताओं की राजनीति खत्म करने का वादा किया है.
बालेन शाह बनेंगे पीएम?
सबसे ज्यादा चर्चा काठमांडू के लोकप्रिय मेयर और पूर्व रैपर बालेन शाह की पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की हो रही है. नई पार्टी होने के बावजूद उसने शुरुआती गिनती में पारंपरिक दलों को पीछे छोड़ दिया है. अगर उनकी पार्टी जीती तो उनके पीएम बनने की चर्चा है. फिलहाल देशभर में मतगणना जारी है और अंतिम नतीजे आने में अभी समय लग सकता है, लेकिन शुरुआती रुझानों ने साफ कर दिया है कि इस बार नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

