एमपी : 12वीं का पेपर देकर लौट रही छात्रा को कटर मारकर भागे युवक का शव रेलवे लाइन पर मिला

एमपी : 12वीं का पेपर देकर लौट रही छात्रा को कटर मारकर भागे युवक का शव रेलवे लाइन पर मिला

प्रेषित समय :12:08:08 PM / Sun, Mar 8th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सागर. मध्य प्रदेश के सागर में मकरोनिया थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा बाग के पास 12वीं की छात्रा पर कटर से हमला कर फरार हुए आरोपी का शव रविवार 8 मार्च की सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया. शव अस्पताल भेजा गया है. घटनाक्रम की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए. मामले में पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है.

उल्लेखनीय है कि मकरोनिया के रजाखेड़ी इलाके में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा शनिवार को कक्षा 12वीं का आखिरी पेपर देकर अपने घर वापस लौट रही थी. तभी सेमरा बाग के पास आरोपी नीलेश उसे मिला. दोनों के बीच कहासुनी हुई. विवाद होने लगा. इसी दौरान आरोपी ने कटर से छात्रा पर हमला कर दिया. एक के बाद एक कई घाव मारे. जिससे छात्रा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई. वारदात कर आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल छात्रा को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. छात्रा की पीठ, चेहरा और कंधे पर गंभीर घाव लगे हैं. जिससे उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. वारदात सामने आते ही मकरोनिया पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की.

पुलिस कर रही थी तलाश, ट्रैक पर शव मिला

पुलिस ने आरोपी घर और परिचितों के यहां दबिश दी. लेकिन वह मिला नहीं. जिसके बाद से पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी. इसी बीच रविवार तड़के आरोपी नीलेश का शव मकरोनिया के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

पहले भी हुआ था विवाद

मृतक के मौसेरे भाई प्रमोद पटेल ने बताया कि भाई नीलेश का लड़की से प्रेमप्रसंग चल रहा था. पहले भी उनके बीच विवाद हुआ था. लेकिन सुलह हो गई थी. कल लड़की पेपर देने गई थी. नीलेश वहां कैसे पहुंचा, मुझे नहीं पता है. लेकिन घटना की जानकारी के बाद से ही परिवार के लोग भी उसकी तलाश कर रहे थे. मोबाइल बंद आ रहा था. पुलिस घर आई थी और परिवार वालों से पूछताछ की थी. पुलिस देर रात तक घर पर ही बैठी रही. नीलेश का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है. उसकी मौत कैसे हुई, इसकी जांच होना चाहिए.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-