कटनी में भीषण हादसा, कार की टक्कर से बाइक चकनाचूर, 4 युवकों की दर्दनाक मौत, 5 गंभीर

कटनी में भीषण हादसा, कार की टक्कर से बाइक चकनाचूर, 4 युवकों की दर्दनाक मौत, 5 गंभीर

प्रेषित समय :11:44:21 AM / Tue, Mar 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कटनी. मध्य प्रदेश के कटनी में तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा बड़वारा थाना क्षेत्र में सोमवार 9 मार्च की देर रात करीब 11:30 बजे नेशनल हाईवे- 43 पर जगतपुर उमरिया के पास हुआ.

पुलिस के मुताबिक बाइक सवार चार युवक कटनी से उमरिया की ओर जा रहे थे. जगतपुर उमरिया गांव के पास चपहनी मोड़ पर विपरीत दिशा (उमरिया) से आ रही तेज रफ्तार कार (एमपी13 सीसी 4342) से उनकी सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह चकनाचूर हो गई.

एक घंटा जाम रहा हाईवे

टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर जमा हो गए. हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर एक घंटे तक जाम लग गया. सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस और 108 इमरजेंसी वाहन मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों बाइक सवारों को मृत घोषित कर दिया.

महाराष्ट्र से काम कर लौटे थे तीन साथी

मृतकों की पहचान धीरेंद्र सिंह (18), रामकिशोर सिंह (26), रामदास सिंह (18) और इंद्रभान सिंह (25) के रूप में हुई है, जो उमरिया के मानपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. परिजनों के अनुसार, रामकिशोर, रामदास और इंद्रभान सोमवार को ही महाराष्ट्र से मजदूरी कर वापस लौटे थे. धीरेंद्र सिंह उन्हें लेने के लिए बाइक से कटनी रेलवे स्टेशन गया था. स्टेशन से घर लौटते समय रास्ते में हादसा हो गया.

राजगढ़ से अनूपपुर आए थे कार सवार

कार में संपत बाई, सोनू पिता अमर सिंह (22 वर्ष), मदन लाल सिंगा (62 वर्ष), कैलाश पिता रमेश तेवर (25 वर्ष) और प्रेम सिंह पिता वंशीलाल (36 वर्ष) को गंभीर चोटें आई हैं. ये सभी राजगढ़ के हैं, जो अनूपपुर में अपने परिजनों से मिलने गए थे. लौटते समय हादसे का शिकार हो गए.  प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है. वहीं चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बड़वारा अस्पताल में रखा गया है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-