जबलपुर की गुजराती कालोनी में लगी भीषण आग, देखते ही देखते कई झोपडिय़ां जलकर राख

जबलपुर की गुजराती कालोनी में लगी भीषण आग, देखते ही देखते कई झोपडिय़ां जलकर राख

प्रेषित समय :15:42:24 PM / Tue, Mar 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर स्थित गुजरात कॉलोनी में मंगलवार 10 मार्च की अल सुबह अचानक टपरे के अंदर से भड़की आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया. टपरे में लगी आग देखते ही देखते आसपास के घरों तक पहुंच गई. कॉलोनी में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हडकंप मच गया. इस दौरान कई झोपडिय़ां जलकर राख हो गईं.

आग की घटना से कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर जान बचाने में जुट गए. घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड और अधारताल पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

जानकारी के मुताबिक गुजराती कॉलोनी में रहने वाले अधिकांश परिवार पुराने कपड़ों के व्यापार से जुड़े हैं. पीड़ित परिवारों के घरों में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गए. इसके अलावा कुछ घरों का घरेलू सामान भी आग में पूरी तरह से जल गया.

अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. आग की चपेट में करीब 10 घर आए हैं. नगर निगम की टीम पूरी जानकारी जुटाने में लगी हुई है. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

बाइक भी जलकर खाक

मौके पर पहुंची अधारताल पुलिस ने बताया कि आग की चपेट में 3 से 4 मोटरसाइकिल भी जलकर खाक हो गर्इं. आग की लपटें इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में वाहनों को भी नुकसान पहुंचा. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-