जबलपुर : कलेक्टर की नेत्रहीन छात्र की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रभारी प्राचार्य और अधीक्षक हटाए गए

जबलपुर : कलेक्टर की नेत्रहीन छात्र की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रभारी प्राचार्य और अधीक्षक हटाए गए

प्रेषित समय :15:04:17 PM / Mon, Mar 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. शासकीय राज्य अपंग कल्याण संस्थान के एक नेत्रहीन छात्र की अमरकंटक में डूबने से हुई दुखद मृत्यु के मामले में जिला प्रशासन ने अत्यंत सख्त रुख अपनाया है. कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संस्थान के प्रभारी अधीक्षक और प्रभारी प्राचार्य को उनके पदों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है. 

यह दंडात्मक कार्रवाई उस हादसे के बाद की गई है जिसने दिव्यांग छात्रों की सुरक्षा और भ्रमण के दौरान प्रबंधन की खामियों को उजागर किया है. घटना के अनुसार 22 फरवरी को महाकौशल कॉलेज के एमए के छात्र शिरीष नामदेव की अमरकंटक में स्टडी टूर के दौरान पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी. शिरीष की आयु 25 वर्ष थी और वह शहर के अन्य दिव्यांग छात्रों के साथ इस शैक्षणिक भ्रमण पर गया था. जानकारी के अनुसार जबलपुर से कुछ दिव्यांग छात्रों को स्टडी टूर के नाम पर अमरकंटक ले जाया गया था जहाँ यह दर्दनाक हादसा घटित हुआ. इस घटना ने पूरे विभाग और प्रशासन में हड़कंप मचा दिया था.

नियमों की अनदेखी, गंभीर आरोप

हादसे के उपरांत वहां मौजूद अन्य नेत्रहीन छात्रों ने प्रभारी अधीक्षक शिवेंद्र सिंह परिहार पर गंभीर आरोप लगाए. छात्रों का स्पष्ट रूप से कहना था कि भ्रमण के दौरान सुरक्षा मानकों और विभागीय नियमों की पूरी तरह से अनदेखी की गई. छात्रों ने जांच के दौरान बताया कि शिवेंद्र सिंह परिहार उन्हें नियमों के विरुद्ध मनमाने तरीके से पिकनिक के लिए लेकर गए थे जिसके परिणामस्वरूप यह दुखद घटना हुई. इन गंभीर शिकायतों और प्राथमिक तथ्यों के आधार पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया. कलेक्टर राघवेंद्र सिंह द्वारा जारी आदेश के तहत शिवेंद्र सिंह परिहार को उनके दोनों प्रभारों से मुक्त कर दिया गया है. उल्लेखनीय है कि शिवेंद्र सिंह परिहार शासकीय राज्य अपंग कल्याण संस्थान के प्रभारी अधीक्षक होने के साथ-साथ शासकीय दृष्टिबाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रभारी प्राचार्य का दायित्व भी संभाल रहे थे. कलेक्टर ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हें दोनों ही महत्वपूर्ण पदों से हटाने का आदेश दिया है.

नई नियुक्तियां के आदेश भी जारी

संस्थान के सुचारू संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को पुन: पटरी पर लाने के लिए कलेक्टर ने नवीन आदेश जारी कर अधिकारियों की नियुक्तियां कर दी हैं. जारी आदेश के अनुसार अब व्याख्याता सुरेशचंद्र यादव को शासकीय दृष्टिबाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नया प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया है. सुरेशचंद्र यादव अब विद्यालय की समस्त शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए उत्तरदायी होंगे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-