गंज ताल मोड़ पर महिला से मंगलसूत्र लूट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार सोने का मंगलसूत्र और बाइक बरामद

गंज ताल मोड़ पर महिला से मंगलसूत्र लूट का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार सोने का मंगलसूत्र और बाइक बरामद

प्रेषित समय :20:44:21 PM / Thu, Mar 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च की शाम कटनी-जबलपुर हाईवे पर गंजताल मोड़ के पास एक महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना हुई थी। पीड़ित महिला ने सिहोरा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि वह अपने काम से लौट रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार एक युवक उसके पास आया और झपट्टा मारकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सिहोरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी सिहोरा प्रतीक्षा मार्को के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक की जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर करीब 1 लाख 50 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी किसी अन्य वारदात में शामिल रहा है या नहीं। फिलहाल इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-