जबलपुर. जबलपुर-नरसिंहपुर मार्ग पर बीती देर रात एक रफ़्तार का कहर देखने को मिला जहाँ एक अनियंत्रित थार वाहन ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर सवार सरपंच रोशनलाल मेहरा और एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार रोशनलाल मेहरा और उनके साथी एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वे मुख्य मार्ग पर पहुँचे सामने से आ रही तेज रफ़्तार थार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों व्यक्ति सड़क से कई फीट दूर जा गिरे.
हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घायलों को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और थार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन की गति अत्यधिक होने के कारण चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका जिससे यह बड़ा हादसा हुआ. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

