रेलवे नगर निगम जबलपुर का बड़ा बकायादार, 25 बड़े टैक्स बकायादारों की सूची जारी

रेलवे नगर निगम जबलपुर का बड़ा बकायादार, 25 बड़े टैक्स बकायादारों की सूची जारी

प्रेषित समय :12:06:35 PM / Fri, Mar 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर नगर निगम ने शहर के बड़े टैक्स बकायादारों को बकाया जमा करने की अंतिम मोहलत दी है. निगम ने 25 बड़े बकायादारों की सूची सार्वजनिक करते हुए कहा है कि यदि 14 मार्च 2026 को होने वाली लोक अदालत में बकाया राशि जमा नहीं की गई तो उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. बकायादारों में पश्चिम मध्य रेलवे व भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) बड़े बकायादारों की सूची में शामिल हैं.

46 करोड़ की वसूली लक्ष्य

नगर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर निगम ने शहर के 25 बड़े बकायादारों की सूची जारी की है. इनसे करीब 46 करोड़ रुपये की वसूली की जानी है. सूची में सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों की संस्थाएं और फर्म शामिल हैं.

बीएसएनएल और रेलवे बड़े बकायादार

जारी सूची के अनुसार भारत संचार निगम लिमिटेड, जबलपुर निर्माणी पर 13 करोड़ 19 लाख 46 हजार 691 रुपये बकाया है. वहीं जबलपुर विकास प्राधिकरण की स्कीम नंबर 64 वसाहा, दादा ठनठनपाल वार्ड पर 4 करोड़ 39 लाख 78 हजार 898 रुपये और पश्चिम मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर भी बड़ी राशि बकाया बताई गई है.

कई औद्योगिक और व्यावसायिक संस्थाएं भी हैं शामिल

सूची में महाकौशल शहीद स्मारक भवन ट्रस्ट, सेंट्रल रेलवे माल गोदाम कछपुरा, कारबोरेन्डम यूनिवर्सल लिमिटेड सीमेंट फैक्ट्री अधारताल, ओ.के. फ्रूड प्रा. लि. रिछाई, कृषि उपज मंडी, उदयपुर ब्रेवरीज प्रा. लि., प्रीस्टेज कंक्रीट पोल फैक्ट्री, बालाजी एडिबल्स प्रा. लि., जबलपुर स्टील प्रा. लि. सहित कई अन्य संस्थानों के नाम शामिल हैं.

लोक अदालत में भुगतान का अंतिम मौका

नगर निगमायुक्त ने कहा कि 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली लोक अदालत इन बकायादारों के लिए अंतिम अवसर है. यदि इस दिन तक बकाया राशि जमा नहीं की जाती है तो नगर निगम द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-