जबलपुर : राइट टाऊन के ईरानी कैफे में दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग, पुलिस कर रही घटनाक्रम की जांच

जबलपुर : राइट टाऊन के ईरानी कैफे में दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग, पुलिस कर रही घटनाक्रम की जांच

प्रेषित समय :12:19:53 PM / Fri, Mar 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत राइट टाउन के समीप स्थित एक ईरानी कैफे में उस समय हड़कंप मच गया जब दो पक्षों के बीच बातचीत के दौरान अचानक विवाद की स्थिति निर्मित हो गई. शहर के इस कैफे में हुई आपसी कहासुनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से गंभीर मोड़ ले लिया और इंटरनेट पर यह खबर तेजी से वायरल होने लगी कि कैफे में फायरिंग हुई है. गोली चलने की अफवाह फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और किसी अज्ञात व्यक्ति ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया.

जांच में जुटी पुलिस टीम

सूचना मिलते ही सीएसपी रितेश शिव और लॉर्डगंज थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कैफे में मौजूद लोगों और कर्मचारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. सीएसपी रितेश शिव ने स्पष्ट किया कि दो समूहों के बीच विवाद की जानकारी मिली थी और गोली चलने की सूचना भी दी गई थी लेकिन प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस अब कैफे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि विवाद की वास्तविक वजह और सच्चाई का पता लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-