जबलपुर से रीवा जा रही ट्रेन के कोच से उठा धुआं, यात्रियों में मची अफरातफरी, ऊंचेहरा स्टेशन पर रुकी ट्रेन

जबलपुर से रीवा जा रही ट्रेन के कोच से उठा धुआं, यात्रियों में मची अफरातफरी, ऊंचेहरा स्टेशन पर रुकी ट्रेन

प्रेषित समय :14:07:06 PM / Fri, Mar 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर से रीवा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलने से आज शुक्रवार 13 मार्च की सुबह ऊंचेहरा स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. घटना करीब 11 बजे की है. कोच से धुआं उठता देख यात्रियों ने तुरंत रेल कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी.

घटना की जानकारी मिलते ही रेल कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर उतार दिया. इसके बाद स्टेशन पर मौजूद रेल अधिकारी और तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया.

ब्रेक बाइंडिंग में तकनीकी समस्या के कारण धुआं उठा

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रेन के कोच क्रमांक 114674 के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग होने के कारण धुआं उठ रहा था. रेल कर्मचारियों ने तुरंत जांच कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे कोच की जांच की. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित रहे. तकनीकी टीम की जांच के बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की अनुमति दी गई. करीब 36 मिनट तक ऊँचेहरा स्टेशन पर खड़ी रहने के बाद ट्रेन रात 11:36 बजे अगले स्टेशन के लिए रवाना हुई. रेलवे प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच करने की बात कही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-