बेगूसराय. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेगूसराय दौरे से ठीक पहले सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी चूक सामने आई है. प्रशासन की ओर से की गई चाक-चौबंद सुरक्षा के दावों की पोल उस वक्त खुल गई, जब सीएम के हेलीकॉप्टर उतरने से कुछ ही देर पहले एक गाय हेलीपैड के बेहद वीआईपी और प्रतिबंधित क्षेत्र में जा घुसी. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो न सिर्फ लोगों के लिए मजाक का विषय बन गया है, बल्कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
हेलीपैड पर मची भारी अफरा-तफरी
मुख्यमंत्री के इस अहम कार्यक्रम को लेकर बरौनी स्थित बियाडा कैंपस में एक विशेष हेलीपैड तैयार किया गया था. चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों का कड़ा पहरा था और पूरा प्रशासनिक अमला सीएम के हेलीकॉप्टर का बेसब्री से इंतजार कर रहा था. इसी बीच सुरक्षा घेरे और बैरिकेडिंग को चकमा देते हुए अचानक एक गाय सीधे हेलीपैड के बीचों-बीच पहुंच गई. इस अप्रत्याशित घटना को देखते ही वहां मौजूद बड़े-बड़े अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए और पूरे इलाके में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिसकर्मियों को गाय ने दौड़ाया, वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली को साफ तौर पर देखा जा सकता है. गाय को हेलीपैड से सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी. वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी गाय के डर से अपनी जान बचाकर आगे-आगे भाग रहे हैं, तो वहीं कुछ अन्य उसे खदेडऩे के लिए पीछे दौड़ रहे हैं.
यह घटना उस वक्त घटी जब प्रोटोकॉल के मुताबिक पूरे इलाके को नो-गो जोन घोषित किया गया था. गनीमत यह रही कि यह सब मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लैंड करने से कुछ देर पहले ही निपट गया, अन्यथा एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था. इस भारी चूक के बाद अब स्थानीय प्रशासन कटघरे में है कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद एक मवेशी वीआईपी हेलीपैड तक कैसे पहुंच गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

