जबलपुर. एमपी के जबलपुर जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में बच्चे का पहला जन्मदिन मना रहे पिता का डीजे बजाने को लेकर परिवारिक सदस्यों से विवाद हो गया. कहासुनी के बाद युवक ने नशे में अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली. बेटे के जन्मदिन की खुशियांं तत्काल मातम में बदल गई और मौके पर चीख पुकार मच गई.
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि देर रात डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
मझगवां पुलिस को राजेंद्र रजक ने निवासी कन्या स्कूल के पीछे ने बताया कि उसके बड़े बेटे प्रिंस रजक 22 साल के बच्चे का पहला जन्मदिन था. परिवार के सदस्यों सहित अन्य करीबी लोग घर पर जन्मदिन का कार्यक्रम करते हुए नाच-गाना कर रहे थे. रात करीब 11 बजे आसपास के लोगों के विरोध के बाद परिवार वालों ने प्रिंस से डीजे बंद करने के लिए कहा. इसके बाद प्रिंस बिना कुछ कहे घर से निकल गया और करीब 2 घंटे बाद शराब पीकर वापस लौटा.
घर लौटने के बाद उसने परिवार के सदस्यों से विवाद करते हुए कहा कि डीजे बजाने से क्यों रोका गया. परिवार वालों ने उसे समझाया कि रात ज्यादा हो गई थी, इसलिए डीजे बंद कराया गया. रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच प्रिंस अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. कुछ देर बाद छोटे भाई ने दरवाजा खोला तो देखा कि प्रिंस ने पंखे में चुनरी के सहारे फांसी लगा ली थी. परिजन प्रिंस को फंदे से निकालकर सिहोरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रिंस को मृत घोषित कर दिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


