उच्च शिक्षा में प्रवेश की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. National Testing Agency ने Common University Entrance Test Postgraduate 2026 के एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं. जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है, वे अब अपना हॉल टिकट ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं. यह परीक्षा 16 मार्च से 19 मार्च के बीच देशभर के 292 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी.
एजेंसी के अनुसार उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.ac.in/cuet-pg/ पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें अपनी आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर लॉगिन करना होगा. परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड का प्रिंट आउट पहले से निकाल लें, क्योंकि बिना एडमिट कार्ड के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड के साथ अंडरटेकिंग फॉर्म भी डाउनलोड कर लेना चाहिए और उसमें दिए गए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ना चाहिए. परीक्षा केंद्र पर पहुंचते समय उम्मीदवारों को पहचान पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर जाना होगा.
परीक्षा से पहले उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शहर की सूचना पर्ची यानी सिटी स्लिप पहले ही जारी की जा चुकी है, जिससे अभ्यर्थियों को यह जानकारी मिल चुकी है कि उनकी परीक्षा किस शहर में आयोजित की जाएगी. अब एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उम्मीदवार अपने परीक्षा केंद्र, परीक्षा समय और अन्य महत्वपूर्ण विवरण भी देख सकेंगे.
यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी होती है या उसमें दर्ज जानकारी में कोई त्रुटि दिखाई देती है, तो वे एनटीए हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए उम्मीदवार 011-40759000 पर कॉल कर सकते हैं या helpdesk-cuetpg@nta.ac.in पर ईमेल भेजकर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं.
सीयूईटी पीजी 2026 परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट यानी सीबीटी मोड में आयोजित की जा रही है. यह परीक्षा 6 मार्च से शुरू हो चुकी है और 27 मार्च तक विभिन्न विषयों के लिए चरणबद्ध तरीके से आयोजित की जाएगी. इस साल परीक्षा में कुल 157 विषय शामिल किए गए हैं, जिनके लिए देशभर से बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने आवेदन किया है.
प्रश्न पत्रों की भाषा को लेकर भी एनटीए ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं. अधिकांश विषयों के प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होंगे. हालांकि कुछ विशेष विषयों जैसे भाषा विषय, एमटेक और उच्च विज्ञान से जुड़े पेपर केवल अंग्रेजी में ही होंगे. वहीं ह्यूमैनिटीज, विज्ञान और सामान्य विषयों के प्रश्न पत्र द्विभाषी यानी हिंदी और अंग्रेजी दोनों में उपलब्ध रहेंगे. किसी भी तरह की विसंगति की स्थिति में अंग्रेजी संस्करण को अंतिम माना जाएगा.
परीक्षा के पैटर्न की बात करें तो हर पेपर में कुल 75 बहुविकल्पीय प्रश्न यानी एमसीक्यू पूछे जाएंगे. प्रत्येक प्रश्न चार अंकों का होगा. सही उत्तर देने पर उम्मीदवार को चार अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर देने पर एक अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी. जिन प्रश्नों का उत्तर नहीं दिया जाएगा या जिन्हें केवल रिव्यू के लिए मार्क किया जाएगा, उनके लिए कोई अंक नहीं दिया जाएगा.
एनटीए ने यह भी बताया है कि अगर किसी प्रश्न के एक से अधिक सही उत्तर पाए जाते हैं, तो उन सभी उम्मीदवारों को चार अंक दिए जाएंगे जिन्होंने उन सही विकल्पों में से किसी एक का चयन किया होगा. वहीं यदि कोई प्रश्न गलत पाया जाता है, हटा दिया जाता है या उसका कोई सही उत्तर नहीं होता, तो उस प्रश्न के लिए सभी उम्मीदवारों को चार अंक दिए जाएंगे, चाहे उन्होंने उसे हल किया हो या नहीं.
परीक्षा समाप्त होने के बाद एनटीए द्वारा आधिकारिक वेबसाइट पर आंसर-की जारी की जाएगी, जिसके आधार पर उम्मीदवार अपने संभावित अंक का अनुमान लगा सकेंगे. इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी अपडेट के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

