ओएमजी : झारखंड में शादी में रसगुल्ला खाते ही गले में फंसा, दम घुटने से व्यक्ति की हुई दर्दनाक मौत

ओएमजी : झारखंड में शादी में रसगुल्ला खाते ही गले में फंसा, दम घुटने से व्यक्ति की हुई दर्दनाक मौत

प्रेषित समय :17:15:58 PM / Mon, Mar 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जमशेदपुर. एक शादी समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना घटी है. यहाँ भोज के दौरान रसगुल्ला खाने से एक 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार, गले में रसगुल्ला  फंसने के कारण व्यक्ति का दम घुट गया और अस्पताल ले जाने तक उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. इस हादसे के बाद शादी की खुशियां पूरी तरह मातम में बदल गईं.

यह घटना जमशेदपुर में सोमवार 16 मार्च के सुबह की है, जब ललित सिंह नाम का व्यक्ति मालियानता गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ललित भोजन कर रहा था और इसी दौरान उसने रसगुल्ला खाया. मिठाई खाने के कुछ ही सेकंड बाद उसे सांस लेने में गंभीर कठिनाई होने लगी. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और उसके गले से रसगुल्ला निकालने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे. ललित की हालत बिगड़ते देख उसके पिता उसे लेकर आनन-फानन में नजदीकी एमजीएम अस्पताल पहुंचे. 

डॉक्टरों ने बताई मौत की वजह

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने ललित की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित करते हुए बताया कि रसगुल्ले ने उसकी सांस की नली  को पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया था. डॉक्टरों के अनुसार, श्वास नली बंद होने से शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति रुक गई, जिससे कुछ ही मिनटों के भीतर ललित की मौत हो गई. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद ललित के शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है.

एक्सपर्ट्स की राय, ऐसी स्थिति में ये उपाय करें

विशेषज्ञों का कहना है कि गले में खाना फंसने की स्थिति में तत्काल मदद मिलना बेहद जरूरी होता है. ऐसी स्थिति में हेमलिच पैंतरे जैसी प्राथमिक चिकित्सा तकनीक जान बचाने में मददगार साबित हो सकती है. भोजन करते समय सावधानी बरतने और विशेष रूप से बड़ी या चिपचिपी मिठाइयों को छोटे टुकड़ों में खाने की सलाह दी जाती है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-