मंडला : बीजाडांजी में बड़ा हादसा, देर रात पुल से नीचे गिरी तेज रफ्तार बाइक, चार युवकों की दर्दनाक मौत

मंडला : बीजाडांजी में बड़ा हादसा, देर रात पुल से नीचे गिरी तेज रफ्तार बाइक, चार युवकों की दर्दनाक मौत

प्रेषित समय :12:55:33 PM / Sun, Mar 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मंडला. मध्य प्रदेश के मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे पर बीजाडांडी के समीप शनिवार 21 मार्च की देर रात बड़ा हादसा हो गया. ग्राम भैंसवाही के पास कालपी-निवास मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी. इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस ने मौके पर पहुचकर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी अनुसार एक ही बाइक पर सवार चार युवक काफी तेज रफ्तार में जा रहे थे. भैंसवाही ग्राम के पास अचानक चालक का नियंत्रण खो गया और बाइक सीधे पुलिया के नीचे जा गिरी. हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
रात में शिनाख्त न हो पाने के कारण पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन रविवार 22 मार्च की सुबह चारों मृतकों की पहचान कर ली गई है. इनके नाम प्रमोद कुमार नरेती (24), निवासी रमतिला, बीजाडांडी, संतलाल उइके (23), निवासी ग्राम बस्तरी, निवास, शिवम यादव (17), निवासी टिकरिया मूल निवासी बिछिया कुरई, गंगा राम उइके (22), निवासी टिकरिया है. सूचना मिलते ही बीजाडांडी पहुंचे स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिससे अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया.

स्वजनों को सौंपे गए शव

बीजाडांडी थाना प्रभारी ने बताया कि चारों युवकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया गया है. बीजाडांडी पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और बाइक का अनियंत्रित होना माना जा रहा है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-