अनिल मिश्र/ पटना.अयोध्या समेत पूरे देश में इन दिनों रामलला के जन्मोत्सव की धूम है और हर ओर भगवा रंग का उल्लास छाया हुआ है. पिछले दो दिनों से देश के कोने-कोने में प्रभु श्री राम का अभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना का दौर जारी है. इसी पावन श्रृंखला में गयाजी धाम के अंतर्गत टिकारी प्रखंड के पंचानपुर बाजार में रामनवमी के अवसर पर एक भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने 'जय श्री राम' के जयघोष से पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया. कार्यक्रम के दौरान न केवल प्रभु श्री राम और उनके पूरे दरबार की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, बल्कि निपुण कलाकारों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न झांकियों और कला प्रदर्शनों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया.
पंचानपुर रामनवमी पूजा समिति के तत्वाधान में आयोजित इस गौरवशाली समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की. कार्यक्रम के दौरान टिकारी विधायक अजय दांगी, गया जिला परिषद अध्यक्ष नैना देवी, पंचानपुर थानाध्यक्ष पद्माकर उपाध्याय, और टिकारी उप प्रमुख गयादत शर्मा जैसे गणमान्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया. इसके साथ ही लोजपा (रामविलास) के प्रदेश महासचिव कमलेश शर्मा, शिवनगर पंचायत के मुखिया सुबोध कुमार सिंह, सरपंच सुनील शर्मा, नेपा पंचायत के प्रधान बुलबुल शर्मा, और दिघौरा पंचायत समिति अध्यक्ष मिलन यादव को भी समिति द्वारा अंग वस्त्र, पुष्प गुच्छ और पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर टिकारी बीस सूत्री कार्यक्रम अध्यक्ष अनिल पासवान और शिवनगर पंचायत पैक्स अध्यक्ष राजबल्भ पासवान सहित कई अन्य प्रतिष्ठित लोग भी मौजूद रहे.
समारोह की अध्यक्षता पंचानपुर रामनवमी पूजा समिति के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने की, जबकि संरक्षक कमल पासवान, हरेन्दर शर्मा, राहुल वर्मा, नीरज पाठक और अभिषेक गुप्ता समेत समिति के तमाम सदस्यों ने आगंतुकों और श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया. शोभायात्रा का शुभारंभ पंचानपुर बाजार के टिकारी रोड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से हुआ. वहां से यह विशाल यात्रा पंचानपुर बाजार के मुख्य मार्गों से होते हुए पंचानपुर गांव, चैनपुरा, लभरा और रामेश्वर बाग जैसे विभिन्न इलाकों में भ्रमण पर निकली. पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर था और रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया.
हजारों की संख्या में शामिल रामभक्तों की टोली अंततः वापस हनुमान मंदिर पहुंची, जहां महाआरती के साथ इस शोभायात्रा का विधिपूर्वक समापन हुआ. ग्रामीण अंचल में इस स्तर के भव्य और अनुशासित आयोजन को देखकर स्थानीय निवासियों ने रामनवमी पूजा समिति की जमकर सराहना की. लोगों का कहना था कि ऐसे आयोजनों से न केवल धार्मिक एकता मजबूत होती है, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी मिलता है. सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहा, जिससे शांतिपूर्ण ढंग से यह उत्सव संपन्न हुआ.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

