वाराणसी. वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरने से ठीक पहले इंडिगो की एक फ्लाइट में उस वक्त मौत का खौफ मंडराने लगा, जब हवा में एक यात्री ने भयानक हरकत कर दी. बेंगलुरु से वाराणसी आ रहे इंडिगो के विमान (6ई-185) में सवार एक युवक ने लैंडिंग से चंद मिनट पहले विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की.
इस अप्रत्याशित और खौफनाक हरकत को देखकर पास बैठे यात्रियों की चीख निकल गई और पूरे विमान में अफरातफरी मच गई. क्रू मेंबर्स की सूचना पर पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को दोबारा आसमान की ओर मोड़ दिया. 152 यात्रियों और दो मासूम बच्चों की जान सांसत में डालने वाले इस यात्री को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी दलील सुनकर सुरक्षा एजेंसियां भी हैरान हैं.
पायलट को दोबारा हवा में उड़ाना पड़ा विमान
यह रूह कंपा देने वाली घटना उस समय हुई जब विमान वाराणसी हवाई अड्डे के रनवे पर उतरने ही वाला था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 26 वर्षीय मोहम्मद अदनान नाम का एक यात्री अचानक अपनी सीट से उठा और सीधे इमरजेंसी एग्जिट की ओर बढ़ा. उसने जैसे ही गेट का लीवर खींचने की कोशिश की, पास बैठे यात्री दहशत में चिल्लाने लगे. शोर सुनकर क्रू मेंबर्स तुरंत दौड़े और उसे रोकने का प्रयास किया. सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हुए पायलट ने तुरंत विमान को वापस हवा में उड़ा दिया (त्रश-ड्डह्म्शह्वठ्ठस्र). आसमान में कुछ देर चक्कर काटने और अंदर स्थिति पूरी तरह से सामान्य होने के बाद ही विमान की दोबारा सुरक्षित लैंडिंग कराई जा सकी.
मुझ पर भूत का साया था, आरोपी की दलील
विमान के रनवे पर उतरते ही सीआईएसएफ के जवानों ने आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया और उसे फूलपुर पुलिस के हवाले कर दिया. फूलपुर थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार युवक मोहम्मद अदनान मऊ जिले के यूसुफ पुरा मोहल्ले (दक्षिण टोला) का रहने वाला है और साड़ी बुनाई का काम करता है. पूछताछ में पता चला है कि वह 24 मार्च को मऊ से ट्रेन के जरिए गोवा घूमने गया था और शनिवार को बेंगलुरु के रास्ते वापस वाराणसी लौट रहा था. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में इस सिरफिरे युवक ने अपनी हरकत के पीछे भूत का साया होने की अजीबोगरीब दलील दी है, जिसे सुनकर पुलिस भी चकरा गई है.
दर्ज हुआ गंभीर मुकदमा, नो-फ्लाई लिस्ट में डालने की तैयारी
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां युवक की इस भूत वाली कहानी पर बिल्कुल भी यकीन नहीं कर रही हैं और मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं. एयरलाइंस की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत गंभीर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. इस खौफनाक घटना के पीछे किसी बड़ी साजिश या संदिग्ध मंशा का पता लगाने के लिए आईबी और अन्य खुफिया एजेंसियां भी आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही हैं. एहतियात के तौर पर पुलिस ने मऊ से आरोपी के परिजनों को भी वाराणसी बुला लिया है. फिलहाल, एयरलाइंस इस यात्री को हमेशा के लिए ब्लैकलिस्ट में डालने की प्रक्रिया भी शुरू कर सकती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

