जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा में मंगलवार 7 अप्रैल की सुबह उस समय हड़कम्प मच गया, जब एक युवक प्रेमिका से शादी की जिद में हाईटेंशन लाइन के 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया. वह तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा और प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ाा रहा. इस घटना से सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गये.
जानकारी के मुताबिक मैहर में रहने वाला रतन कोरी सिहोरा निवासी अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के परिवार वाले इसके लिए तैयार नहीं थे. मंगलवार सुबह वह सिहोरा के गंजताल गांव पहुंचा और फिर से शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन मना होने पर नाराज होकर टावर पर चढ़ गया. ऊपर से वह बार-बार यही कहता रहा जब तक वह आकर शादी के लिए हां नहीं करेगी, मैं नीचे नहीं उतरूंगा.
पुलिस मौके पर पहुंची
टावर पर युवक को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. खेतों में काम कर रहे लोगों ने तुरंत गांव में सूचना दी. इसके बाद सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने की कोशिश शुरू की. जानकारी के मुताबिक, युवक का प्रेम प्रसंग अपनी मुंहबोली बहन की ननद से था. जब कभी भी परिवार में समारोह या कार्यक्रम होता तो उनकी मुलाकात होती. एक साल पहले दोनों के बीच प्यार हो गया और अब शादी करना चाह रहे थे. रतन ने कई बार परिजनों से मुलाकात की, पर बात नहीं बनी. परिवार की सहमति नहीं मिलने पर युवक ने यह खतरनाक कदम उठा लिया.
साढ़े 3 घंटे बाद बाद उतरा
मौके पर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे. सबके सामने रतन बार-बार यही चिल्ला रहा था कि जब तक प्रेमिका से बात नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगा. करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने रतन की मांग मानते हुए प्रेमिका को मौके पर बुलवाया. प्रेमिका ने शादी का वादा किया, तब रतन नीचे उतरा, लेकिन नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे समझाइश दी. बाद में उसे परिवार को सौंप दिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


