चित्तौडग़ढ़. राजस्थान के चित्तौडग़ढ़ जिले में सोमवार 6 अप्रैल की रात को मालगाड़ी को रेलवे ट्रैक से उतारने की साजिश विफल हो गई. अज्ञात व्यक्तियों ने चित्तौडग़ढ़-कोटा रेललाइन पर आने वाली ओराई नदी की पुलिया के यहां रेलवे ट्रैक के ऊपर लोहे की पुरानी पटरी का हिस्सा डाल दिया था. गनीमत रही की मालगाड़ी से टकरा कर लोहे का टुकड़ा दूर जा गिरा और कोई हादसा नहीं हुआ.
सूचना के बाद कोटा एवं चित्तौडग़ढ़ से रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे. वहीं रेलवे, आरपीएफ तथा चित्तौडग़ढ़ पुलिस के दो थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची. फिलहाल रेलवे पुलिस की ओर से प्रकरण दर्ज नहीं करवाया गया. बस्सी पुलिस का कहना है की रिपोर्ट मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
बस्सी थानाधिकारी चंपाराम ने बताया कि सोमवार रात करीब 3.30 बजे यह मामला हुआ था. पुलिस थाने पर सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक पर कोई हादसा हुआ है. इस पर टीम के साथ मौके पर जाकर देखा था. इसमें सामने आया कि चित्तौडग़ढ़ से कोटा रेलवे ट्रैक पर अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन को डिरेल करने का प्रयास किया था. यहां तोरनिया व सुवावा गांव के मध्य ओराई नदी की पुलिया के यहां अज्ञात ने रेलवे ट्रैक पर लोहे की पुरानी पटरी का हिस्सा रख दिया था. करीब 3.30 बजे चित्तौडग़ढ़ से एक मालगाड़ी कोटा की ओर जा रही थी.
मालगाड़ी पुलिया से गुजरी तो इंजन से टकरा कर लोहे का टुकड़ा साइड में दूर जा गिरा. इसकी जानकारी मालगाड़ी के चालक को मिली, तो उसने नजदीकी रेलवे स्टेशन सूचना की. यह क्षेत्र चित्तौडग़ढ़ जिला मुख्यालय के नजदीक है, लेकिन कोटा रेलवे के तहत आता है. इस पर कोटा से रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे. चित्तौडग़ढ़ से भी रेलवे के अधिकारियों ने मौका देखा. आरपीएफ एवं जीआरपी कोटा एवं चित्तौडग़ढ़ की टीम भी मौके पर आई. मालगाड़ी में कोई नुकसान नहीं होने के कारण कुछ देर ठहराव के बाद कोटा के लिए रवाना कर दिया.
वहीं रेलवे ट्रैक को कोई नुकसान नहीं हुआ था. ऐसे में रेल यातायात बाधित नहीं हुआ. बस्सी थानाधिकारी चंपाराम ने बताया कि फिलहाल रेलवे की ओर से बस्सी पुलिस थाने पर कोई रिपोर्ट नहीं दी है. बस्सी थाने पर रिपोर्ट देने पर कार्रवाई की जाएगी. रात को सूचना मिलने के बाद स्वयं ने ओराई पुलिया जाकर मौका देखा था. फिलहाल रेलवे ट्रैक पर डाला गया पटरी का पुराना लोहे का टुकड़ा भी मौके पर ही पड़ा हुआ है, जिसे भी जब्त कर कार्रवाई होगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

