शेयर मार्केट में हरियाली: सेंसेक्स 2946 अंक, निफ्टी 874 अंक बढ़ा, ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग सेक्टर्स में खरीदारी रही

शेयर मार्केट में हरियाली: सेंसेक्स 2946 अंक, निफ्टी 874 अंक बढ़ा, ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग सेक्टर्स में खरीदारी रही

प्रेषित समय :19:45:52 PM / Wed, Apr 8th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्ते के सीजफायर के ऐलान के बाद यानी बुधवार 8 अप्रैल को शेयर बाजार में तेजी रही. सेंसेक्स 2946 अंक (3.95%) चढ़कर 77,563 पर बंद हुआ. निफ्टी में भी 874 अंक (3.78%) ऊपर है, ये 23,997 पर बंद हुआ. ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में ज्यादा खरीदारी रही. निफ्टी का ऑटो, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी इंडेक्स 5 प्रतिशत ऊपर बंद हुए.

सीजफायर बाजार में तेजी की वजह

अमेरिका और ईरान के बीच 40 दिन से जारी जंग पर 2 हफ्ते के लिए ब्रेक लग गया है. दोनों देशों ने पाकिस्तान-चीन की मध्यस्थता के बाद इस सीजफायर पर सहमति जताई है. समझौते के तहत अमेरिका, इजराइल और ईरान एक-दूसरे पर हमले रोकेंगे, साथ ही ईरानी सेना की मदद से होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी. इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को तबाह करने की चेतावनी दी थी. उन्होंने कहा था कि अगर होर्मुज स्ट्रेट से रास्ता नहीं मिला तो वह ईरान की पूरी सभ्यता खत्म कर देंगे.

एशियाई बाजार में भी तेजी रही

साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 6.87 प्रतिशत चढ़कर 5,872 पर बंद हुआ.
जापान का निक्केई 5.39 प्रतिशत चढ़कर 56,308 पर बंद हुआ.
हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 3.09 प्रतिशत चढ़कर 25,893 पर बंद हुआ.
चीन का शंघाई कंपोजिट 2.69 प्रतिशत बढ़कर 3,995 पर पहुंच गया है.

क्रूड 15 प्रतिशत गिरकर 94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा

आज कच्चा तेल 15 प्रतिशत नीचे है. ब्रेंट क्रूड गिरकर 94 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है. 28 फरवरी को अमेरिका और ईरान के बीच जंग शुरू होने से पहले कच्चा तेल 70 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास था. फिर ये बढ़कर 120 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-