वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर पलटा, 8 की मौत, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ रेस्क्यू में जुटे

वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर पलटा, 8 की मौत, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ रेस्क्यू में जुटे

प्रेषित समय :17:37:21 PM / Fri, Apr 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मथुरा. यूपी के मथुरा में वृंदावन में शुक्रवार 10 अप्रैल की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर अचानक पलट गया. इस दर्दनाक घटना में अब तक 8 लोगों की डूबने से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से वृंदावन घूमने आए थे. जगराओं (लुधियाना) से आए पर्यटक मनोहर लाल ने बताया कि हादसे के समय तेज हवा चल रही थी. यमुना नदी के बीच पहुंचते ही स्टीमर अचानक असंतुलित हो गया और उसकी रफ्तार भी बढ़ गई. इसी दौरान स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया.

5 महिलाएं और 3 पुरुषों की मौत

मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने पुष्टि की है कि इस हादसे में 8 पर्यटकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं. शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या कम बताई जा रही थी, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आंकड़ा बढ़ा. 10 से ज्यादा लोगों के अभी भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है.

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ मौके पर पहुंच गईं और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. करीब 50 स्थानीय गोताखोर भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं. गोताखोर गुलाब के मुताबिक अब तक लगभग 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.

मौसम विभाग ने बताई वजह

मौसम विभाग की वेबसाइट स्काईमेट के अनुसार, हादसे के समय वृंदावन में करीब 31 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल रही थी. माना जा रहा है कि तेज हवा और स्टीमर का संतुलन बिगडऩा हादसे की बड़ी वजह हो सकती है.

मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के आदेश भी जारी किए गए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-