जबलपुर. रेलवे में यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ अभद्रता करते हुए वसूली करने वाली किन्नरों की गैंग पर आरपीएफ ने दबिश दी है. आरपीएफ की टीम ने वलसाड-पुरी एक्सप्रेस से तीन किन्नरों को पकड़ा है. जो यात्रियों से जबरन वसूली कर रहे थे.
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब को खबर मिली कि गाड़ी संख्या 22909 वलसाडदृपुरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में कुछ लोग यात्रियों से जबरन पैसे मांगकर हंगामा कर रहे हैं. शिकायत मिलते ही आरपीएफ टीम उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, आरक्षक हरिकेश दुबे, सूर्यनाथ यादव और शत्रुघन सिंह की टीम ने जबलपुर स्टेशन और आउटर पर चेकिंग की. इस दौरान आरपीएफ को देखते ही तीन संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे लंबे समय से ट्रेनों में सक्रिय हैं और यात्रियों से जबरन पैसे वसूलते थे. उनकी गतिविधियों से यात्रियों में भय का माहौल बन गया था. किन्नर बबली उम्र 52 वर्ष सहित तीनों किन्नरों ने अपने गुरु का नाम रेशमा खान बताया है.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर व इटारसी के बीच सक्रिय रहता है. कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए गायब हो जाता है और फिर दोबारा ट्रेनों में सक्रिय हो जाता है. आरपीएफ ने बेलमकोन्डा दिनेश उर्फ बी नीलीमा 43 वर्ष निवासी गुंटूर आंध्रप्रदेश को पकड़ा है. यह जबलपुर में थाना घमापुर इलाके में बाबा टोला हनुमानमंदिर के पास रह रही थी. इसके साथ ही दो अन्य किन्नर काली 42 वर्ष व बबली 52 वर्ष को पकड़ा है. ये दोनों किन्नर इटारसी स्थित नूरानी मस्जिद के पास रहते हैं. आरपीएफ इन आरोपियों से पूछताछ के बाद अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

