जबलपुर : समीक्षा टाउन में आरक्षक-वकील में जमकर मारपीट, बच्चों के बीच विवाद पर मचा बवाल

जबलपुर : समीक्षा टाउन में आरक्षक-वकील में जमकर मारपीट, बच्चों के बीच विवाद पर मचा बवाल

प्रेषित समय :14:23:08 PM / Sun, Apr 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर के सिविल लाइन थानान्तर्गत समीक्षा टाउन में मामूली विवाद को लेकर अधिवक्ता और पुलिस आरक्षक के बीच जमकर लड़ाई हुई. हंगामा होते देख आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और लड़ाई को शांत करवाया. जानकारी लगते ही अधिवक्ता के साथी मौके पर पहुंचे और फिर थोड़ी देर बाद सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस आरक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.

इधर, पुलिस आरक्षक ने भी अधिवक्ता पर मारपीट का आरोप लगाया है. जानकारी लगते ही पुलिस अधिकारी थाने पहुंचे और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है. मामला सिविल लाइन स्थित समीक्षा टाउन का है, जहां शनिवार 11 अप्रैल की रात को बच्चों के बीच हुए विवाद पर बड़े आमने-सामने आ गए. विवाद और मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

वकील 3 घंटे तक थाने में बैठे रहे

जिला न्यायालय में पैरवी करने वाले पंकज कुमार शर्मा का कहना है कि शनिवार शाम को कैंपस में बच्चे खेल रहे थे. इसी दौरान उनकी किसी बात को लेकर लड़ाई हो गई.  बच्चों की आवाज सुनने के बाद पकंज और पुलिस आरक्षक साकेत तिवारी जो कि मदनमहल थाने मे पदस्थ है, वह भी बाहर निकल आया, जिसके बाद दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई.

 आरक्षक-पुलिसकर्मी दोनों पड़ोसी हैं

अधिवक्ता का आरोप है कि पुलिस आरक्षक साकेत तिवारी जो कि पड़ोस में ही प्रकाश सराठे के घर पर किराए से रहते हैं, उन्होंने मामूली बात पर उके साथ मारपीट की है. अधिवक्ता का कहना है कि तीन घंटे तक थाने में वह बैठे रहे, पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई. पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि विवाद शाम करीब साढ़े 6 बजे हुआ था. अचानक ही पुलिस आरक्षक साकेत तिवारी सामने आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया. मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, इसके बाद भी वह मारता रहा.

अधिवक्ता का कहना है कि जब वह शिकायत दर्ज कराने के लिए सिविल लाइन थाने पहुंचा, तो वहां पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने एफआईआर ना दर्ज करते हुए समझौता करने का दवाब बनाया. उनका कहना है कि थाने में जो पुलिसकर्मी की ड्यूटी एफआईआर करने की होती है, उसे भी वहां से इसलिए अलग कर दिया गया कि वह शिकायत ना लिख सके. अधिवक्ता शर्मा ने पुलिस को सीसीटीवी भी सौंपे गए हैं. जिसमें विवाद हो रहा है. अधिवक्ता के साथ मारपीट की जानकारी लगते ही उनके साथी भी सिविल लाइन थाने पहुंच गए.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-