जबलपुर : खितौला मुक्तिधाम में सनसनीखेज घटना, जलती चिता में युवक ने लेटकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

जबलपुर : खितौला मुक्तिधाम में सनसनीखेज घटना, जलती चिता में युवक ने लेटकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

प्रेषित समय :14:00:01 PM / Sun, Apr 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर जिले के सिहोरा तहसील के खितौला मझगवां रोड पर हिरन नदी किनारे बने मुक्तिधाम में रविवार 12 अप्रैल की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जलती हुई चिता के ऊपर लेटकर एक युवक ने सुसाइड कर लिया. युवक द्वारा आत्हत्या करने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैली और कुछ देर में ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हद्यविदारक घटना की संपूर्ण जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. इस असामान्य घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं. लोगों में भय और कौतूहल का वातावरण बना हुआ है.

खितौला पुलिस ने बताया कि शनिवार को क्षेत्र में रहने वाले एक जैन परिवार में हुए महिला के निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार खितौला मुक्तिधाम में शाम करीब 5 बजे के आसपास किया गया था. रविवार सुबह परिजन सामान्य रूप से पुन: मुक्तिधाम पहुंचे, तो उन्होने देखा कि चिता के उपर एक युवक अधजली अवस्था में मृत पड़ा हुआ है.

जैन परिवार के लोगों ने थाना प्रभारी रमन सिंह को घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने प्राथमिक जांच में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी के आधार पर संबंधितों को कॉल कर मौके पर बुलाया तो मुक्तिधाम पहुंचे लोगों ने मृतक की पहचान खितौला वार्ड क्रमांक-15 राधा कृष्ण मंदिर के समीप रहने वाले 27 वर्षीय शिवम उर्फ शिब्बू कोल के रूप में की है.

प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है. परिजनों के अनुसार शिवम मानसिक रूप से कमजोर था. शिवम के 2 छोटे-छोटे बच्चें हैं. एसआई खितौला आरबी मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने मृतक की पहचान शिवम कोल के रूप में की है, जो मानसिक रूप से कमजोर होना बताया जा रहा है. मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-