शांति वार्ता विफल होने के बाद शेयर बाजार में तेज गिरावट, सेंसेक्स 1600 अंक तो निफ्टी भी लुढ़का

शांति वार्ता विफल होने के बाद शेयर बाजार में तेज गिरावट, सेंसेक्स 1600 अंक तो निफ्टी भी लुढ़का

प्रेषित समय :10:45:20 AM / Mon, Apr 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता के विफल होने के बाद दुनियाभर के शेयर बाजारों में आज भारी गिरावट देखने को मिली. भारतीय बाजार भी इससे बच नहीं पाया. सोमवार को भारतीय बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट दर्ज की गई.

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1600 अंक से ज्यादा टूट गया. सोमवार सुबह शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1613 अंकों की गिरावट के साथ 75937 अंक के आसपास कारोबार करता दिखा. जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50, 461 अंक टूटकर 23589 अंक पर ट्रेड करता दिखा.

शेयर बाजार में क्या है गिरावट की वजह?

बता दें कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शनिवार को अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता हुई. करीब 21 घंटों तक चली इस वार्ता में दोनों देशों के बीच कोई समझौता नहीं हो सका. जिसके चलते ये शांति वार्ता विफल हो गई. इस वार्ता के फेल होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ  होर्मुज की घेराबंदी की धमकी दे डाली. उधर वार्ता के विफल होने के बाद कच्चे तेल की कीमतें एक बार फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गईं.

कच्चे तेल का सबसे बड़ा आयातक होने की वजह से भारत के लिए ये बड़ा झटका था. इसी के चलते भारतीय शेयर बाजार भी सोमवार को धड़ाम हो गया. बता दें कि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होने से पेट्रोल-डीजल की कीमतें पर भी इसका असर पड़ सकता है. जिससे लॉजिटिक्स से लेकर ट्रांसपोर्टेशन पर भी खर्च बढ़ जाएगा. इसके बाद महंगाई बढऩे के भी आसार हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-