जबलपुर। एमपी के जबलपुर में जबलपुर हास्पिटल के सामने स्वास्तिक काम्प्लेक्स की पार्किंग में आबकारी विभाग ने दबिश देकर भारी मात्रा में शराब पकड़ी है। अवैध कारोबारियों ने मीटर बाक्स के अंदर देशी व विदेशी शराब छिपाकर रखी थी। आबकारी विभाग की कार्रवाई से काम्प्लेक्स में हड़कम्प मच गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई थी।
आबकारी विभाग की टीम ने कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त संजीव कुमार दुबे के मार्गदर्शन में सूचना के आधार पर देर रात पार्किंग परिसर में तलाशी ली। जांच के दौरान जब मीटर बॉक्स का लॉक तोड़ा गया, तो अंदर बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपी मिली। इस कार्रवाई में करीब 1 लाख 45 हजार रुपये की शराब और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया। मौके से आरोपी चिंटू सोनकर फरार हो गया, जिसके खिलाफ म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1) क एवं 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक रविशंकर मरावी, रूपाली जैन सहित अन्य टीम सदस्य मौजूद रहे। आबकारी विभाग ने 22 बोतल विदेशी शराब जिसमें विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की और वोडका शामिल हैं। इसके अलावा 283 पाव देशी शराब भी बरामद की गई। साथ ही एक बजाज चेतक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

