एमपी में नकली दुल्हन गैंग का भंडाफोड़, 2 महिला गिरफ्तार, शादी के नाम पर ऐसे करते थे फर्जीवाड़ा

एमपी में नकली दुल्हन गैंग का भंडाफोड़, 2 महिला गिरफ्तार, शादी के नाम पर ऐसे करते थे फर्जीवाड़ा

प्रेषित समय :13:40:12 PM / Tue, Apr 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

उज्जैन. एमपी के उज्जैन पुलिस ने शादी के नाम पर झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिन्हें नकली दुल्हन गैंग का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. जबकि एक आरोपी अब भी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश जारी है.

पुलिस के मुताबिक, 11 अप्रैल को राजस्थान के ग्राम डीकनिया निवासी श्यामा मोंगिया ने शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनके भाई पप्पू की शादी के लिए लड़की खोजी जा रही थी. इस दौरान मंदसौर निवासी कन्हा उर्फ कांजी कुमावत ने उन्हें इंदौर में संगीता ठाकुर से मिलवाया, जिसने ज्योति जाट को विवाह के लिए दिखाया. लड़की पसंद आने पर शादी तय हो गई.

लड़के पक्ष से लिए डेढ़ लाख

पीडि़तों ने बताया कि लड़की पसंद आते ही उनसे डेढ़ लाख रुपये लिए गए और लड़की के साथ उज्जैन भेज दिया गया. आरोपियों ने कहा था कि वे भी पीछे-पीछे आकर शादी की रस्म पूरी कराएंगे, लेकिन उज्जैन पहुंचते ही ज्योति जाट (दुल्हन) ने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिससे ठगी का मामला सामने आया.

ऐसे हुआ खुलासा

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी गिरोह भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करता था. ये लोग पहले लड़की दिखाकर रिश्ता पक्का करवाते और फिर शादी के नाम पर मोटी रकम वसूल लेते थे. इसके बाद तय स्थान पर पहुंचकर शादी से इंकार कर फरार हो जाते थे.

अन्य सदस्यों की तलाशी में जुटी पुलिस

मामले का खुलासा होने के बाद नानाखेड़ा थाना पुलिस ने सोमवार को इंदौर निवासी संगीता ठाकुर (30) और ज्योति जाट (21) को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मंदसौर निवासी कन्हा उर्फ कांजी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी जानकारी जुटाने में लगी हुई है.

भोले-भाले लोगों को गैंग बनाता था निशाना

फर्जी दुल्हन गैंग सुनियोजित तरीके से भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर पहले लड़की दिखाता था, फिर विश्वास में लेकर शादी तय करने के नाम पर मोटी रकम वसूल करता था. इसके बाद मौके का फायदा उठाकर गैंग के सदस्य और खासतौर पर दुल्हन शादी से मुकर जाते थे. इस मामले में पुलिस टीम द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया व दबिश देकर लुटेरी दुल्हन गैंग की 2 महिला आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की. थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया,  लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़ हुआ है. यह भोले-भाले और जिनकी शादी नहीं होती है ऐसे लोगों को अपना टारगेट बनाते हैं. राजस्थान के युवक से लाखों रुपये लेने के बाद भी शादी करने से मना कर दिया. पीडि़ता की शिकायत पर 2 महिलाओं को गिरफ्तार कर रिमांड लिया गया है. रिमांड पूरा होने के बाद जेल भेजा जाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-