भिंड. गोरमी इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया. आधी रात अचानक एक फर्नीचर शो रूम में आग लग गई. इस घटना में एक महिला की मौत हुई है और दो लोग गंभीर झुलसे हैं, जिनका इलाज जारी है. असल में घटना भिंड के गोरमी क्षेत्र की है. नगरीय क्षेत्र में बने उपाध्याय फर्नीचर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स के शोरूम में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात डेढ़ बजे के आसपास घटना हुई. बताया जा रहा है कि, तीन मंजिला इमारत में नीचे शोरूम था और ऊपर की दो मंजिल में परिवार रहता था. आग शोरूम से शुरू हुई और ऊपर फ्लोर तक पहुंची.
घटना के समय अरुण उपाध्याय के परिवार के सभी लोग सो रहे थे. अचानक आग लगने के बाद धुआं जब पहली और दूसरी मंजिल पर पहुंचा तो उसकी महक से लोगों को घटना का पता चला. लेकिन जब तक वे बाहर निकलते अरुण की पत्नी सुनीता देवी धुएं से बेहोश हो गई. वहीं आग से निकलने की जद्दोजहद में अरुण के पिता रामसेवक, बेटा वासू और 9 साल का नाती लकी बुरी तरह झुलस गए. हादसे में सुनीता देवी की मौत हो गई
भिंड और महंगाव से भी बुलानी पड़ी फायरब्रिगेड
हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाडिय़ां भी मौके पर पहुची और रेस्क्यू में जुटी. लेकिन तब तक आस पड़ोस के लोगों ने अपने स्तर पर परिवार के अन्य लोगों को सुरक्षित निकाल लिया था. वहीं, शोरूम में रखे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, फर्नीचर और केमिकल की वजह से आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था. ऐसे में गोरमी के अलावा भिंड और मेहगांव से भी फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां बुलानी पड़ी. करीब 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
बच्चे समेत 3 का जिला अस्पताल इलाज जारी
इधर गोरमी थाना टीआई आशुतोष शर्मा के मुताबिक, ''अरुण उपाध्याय की पत्नी सुनीता देवी, पिता रामसेवक बेटा वासु और नाती लकी को जब अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सुनीता देवी को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया. धुएं से दम घुटने से उनकी मौत हो गई. वहीं पिता और बेटे और नाती का इलाज जारी है. यह बड़ी घटना शॉर्ट सर्किट की वजह से होना बताई गई है. जिसमें जनहानि के साथ-साथ 90 लाख रुपये का नुकसान भी हुआ है. मामले में जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


