छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां तय समय से पहले शुरू करने का फैसला लिया है. अब प्रदेश के सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और निजी स्कूल 20 अप्रैल से बंद हो जाएंगे.
सरकार के इस निर्णय के अनुसार, स्कूल लगभग तीन महीने तक बंद रहेंगे और नया शैक्षणिक सत्र 15 जून से शुरू होगा. पहले से निर्धारित कार्यक्रम की तुलना में यह अवकाश करीब 10 दिन पहले लागू किया गया है, ताकि भीषण गर्मी से बच्चों को राहत मिल सके.
राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जैसे शहरों में पारा 42 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है, जिससे लू का खतरा और बढ़ सकता है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश को पहले लागू करने का निर्णय लिया गया है, ताकि भीषण गर्मी के बीच बच्चों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

