जबलपुर. एमपी के जबलपुर में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है. इससे नाराज सफाई कर्मचारियों ने काम बंद आंदोलन शुरू कर दिया है. मदन महल वार्ड के ठेका सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को हड़ताल का ऐलान करते हुए शारदा चौक पर धरना प्रदर्शन किया.
बड़ी संख्या में एकत्रित कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया. सफाई कर्मियों ने बताया कि वे लगातार चार महीने से बिना वेतन के काम कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि ठेका प्रथा के तहत उन्हें प्रतिदिन 300 रुपए भुगतान का वादा किया गया था, लेकिन अब उन्हें कटौती कर मात्र 280 रुपए ही दिए जा रहे हैं. कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार उनकी पीएफ राशि भी जमा नहीं कर रहा है, जिससे उनका भविष्य भी असुरक्षित हो रहा है. समय पर वेतन नहीं मिलने से उनके सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है. इसी के चलते मदन महल वार्ड के दो दर्जन से अधिक सफाई मित्रों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है.
सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा असर-
हड़ताल का असर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है, जिससे सड़कों और गलियों में कचरा जमा हो रहा है. इससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं. सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. इस पूरे मामले में नगर निगम प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

