रायपुर. छत्तीसगढ़ में युवाओं के सशक्त भविष्य और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था को मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत चयनित 430 प्रयोगशाला परिचारकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक सुधार किए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं.
मुख्यमंत्री ने प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ‘सुशासन एवं अभिसरण विभाग’ के गठन और ई-प्रणाली के विस्तार का उल्लेख किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भ्रष्टाचार पर कड़ी रोक लगाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है.
उन्होंने पूर्व में हुए पीएससी घोटाले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का जिक्र करते हुए कहा कि यह निर्णय पारदर्शिता और न्याय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. साथ ही भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए कड़े कानूनी प्रावधान भी लागू किए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाने के लिए ‘छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल’ के गठन और एक निश्चित परीक्षा कैलेंडर लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. उन्होंने नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निजी क्षेत्र में भी स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया.
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता और सुशासन के सिद्धांतों पर आधारित रही है. उन्होंने बताया कि पदस्थापना प्रक्रिया में भी काउंसलिंग प्रणाली अपनाई गई, जिससे निष्पक्षता सुनिश्चित हुई है.
उच्च शिक्षा सचिव डॉ. एस. भारतीदासन और आयुक्त डॉ. संतोष देवांगन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे. समारोह में चयनित युवाओं को ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने का संदेश दिया गया, ताकि वे विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

