छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का अलर्ट: 19 अप्रैल तक हीटवेव का खतरा, कई जिले रहेंगे झुलसते

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का अलर्ट: 19 अप्रैल तक हीटवेव का खतरा, कई जिले रहेंगे झुलसते

प्रेषित समय :16:01:03 PM / Fri, Apr 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है. मौसम विभाग ने 19 अप्रैल तक बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में हीटवेव (लू) चलने की चेतावनी जारी की है.

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा. इस दौरान राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, विभिन्न मौसम प्रणालियों के प्रभाव के कारण फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. इससे मध्य क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है.

राजधानी रायपुर में भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है. शुक्रवार को यहां मौसम शुष्क रहने और गर्म हवाएं चलने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी उमस और गर्मी लोगों को परेशान करेगी.

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है, ताकि हीटवेव के प्रभाव से सुरक्षित रहा जा सके.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-