सूरजपुर, 18 अप्रैल 2026.
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शनिवार को एक सड़क हादसे में एसडीएम अजय मोडीयाम की सरकारी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी. इस हादसे में एसडीएम, वाहन चालक और सुरक्षाकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, रामानुजनगर के एसडीएम अजय मोडीयाम जिला मुख्यालय की ओर जा रहे थे. देवनगर के अटल चौक के पास अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया. उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे श्याम किराना स्टोर में जा टकराई.
टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दुकान का सामने का हिस्सा भी टूटकर बिखर गया. राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान के बाहर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को देवनगर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
सूचना मिलते ही कलेक्टर एस जयवर्धन अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

