जबलपुर. एमपी के जबलपुर कांचघर निवासी गौरव के साथ रामपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में अमरनाथ यात्रा के रजिस्ट्रेशन कराने के दौरान मारपीट करने वाले दोनों आरक्षकों को पुलिस अधीक्षक ने लाइन अटैच कर दिया है. इसके साथ ही सीएसपी गोरखपुर को जांच सौंपी गई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराने गए गौरव को दोनों आरक्षकों ने पीटा था.
रामपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में रजिस्ट्रेशन के दौरान गुरुवार को गौरव का भीड़ से विवाद हो गया था. बैंक अधिकारियों ने रामपुर चौकी को सूचना दी. इसके बाद दो आरक्षक बैंक पहुंचे और गौरव के साथ मारपीट की. इसके बाद उसे चौकी ले गए. आरोप है कि उसे पांच घंटे चौकी में बैठाकर रखा गया और वहां भी मारपीट की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संपत उपाध्याय ने दोनों आरक्षक योगेंद्र कुमार और तरुण मिश्रा को लाइन अटैच कर दिया है. इसके साथ ही सीएसपी गोरखपुर एमएल नागोतिया को जांच सौंपकर जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी है. गौरव का कहना है कि छोटे से विवाद में दोनों पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की है, जिसको लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए.
पुलिस पर अंजाम भुगतने की धमकी देने का आरोप
गौरव के मुताबिक वह शाम करीब साढ़े 4 बजे गोरखपुर थाने पहुंचा. यहां शिकायती आवेदन दिया. स्टाफ ने इसमें आनाकानी की. शिकायत वापस नहीं लेने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

