जबलपुर. एमपी के जबलपुर जिले में लगातार बढ़ते तापमान के कारण छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर पडऩे वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है. वर्तमान में लू और तपिश की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन करने का आदेश जारी किया है.
ये है नई टाइमिंग
आदेश के अनुसार जिले के समस्त शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के छात्रों के लिए शाला संचालन का समय अब सुबह 7.00 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा. यह व्यवस्था सभी परीक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों पर समान रूप से लागू होगी. इसी क्रम में आंगनवाड़ी केन्द्रों का समय भी सुबह 8.00 से 12 बजे तक तय किया गया है. शिक्षक निर्धारित लक्ष्यों जैसे नामांकन, आधार अपडेशन और अपार आईडी संबंधी कार्य विद्यालय में उपस्थित रहकर समय सीमा के भीतर पूर्ण करेंगे.
यह नया संशोधित समय 21-4-2026 से प्रभावी होगा. कलेक्टर द्वारा जारी इस आदेश की प्रतियां सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, आयुक्त लोक शिक्षण, आयुक्त राज्य शिक्षा केन्द्र और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को भेजी गई हैं. इस व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया गया है. आदेश की सूचना जिले के समस्त प्राचार्यों और प्रधान अध्यापकों को दे दी गई है ताकि मंगलवार से नई समय सारणी के अनुसार कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जा सके. प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को दोपहर की तेज धूप से बचाना है.

