शेयर बाजार में जबर्दस्त तेजी: मंगल ही मंगल, निवेशकों ने कमाए 3.62 लाख करोड़ रुपए

शेयर बाजार में जबर्दस्त तेजी: मंगल ही मंगल, निवेशकों ने कमाए 3.62 लाख करोड़ रुपए

प्रेषित समय :16:19:22 PM / Tue, Apr 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. शेयर बाजार में मंगलवार 21 अप्रैल का दिन निवेशकों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया. दलाल स्ट्रीट पर आज शानदार तेजी देखने को मिल रही है. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 576 अंकों से अधिक की छलांग लगाते हुए 6 मार्च के बाद पहली बार 79 हजार के ऐतिहासिक स्तर को पार कर गया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 150 से अधिक अंकों की शानदार बढ़त के साथ 24,500 के अहम आंकड़े को पार कर गया है. बाजार की इस जबरदस्त तेजी ने सुस्त पड़े माहौल में नई जान फूंक दी है.

निवेशकों की हुई छप्पर फाड़ कमाई

बाजार में आई इस बहार की बदौलत निवेशकों की झोली भर गई है. शेयर बाजार में इस तेज उछाल के कारण निवेशकों की संपत्ति में महज कुछ ही घंटों में 3.62 लाख करोड़ रुपये का भारी-भरकम इजाफा दर्ज किया गया है. इस बंपर मुनाफे के साथ ही भारतीय शेयर बाजार का ओवरऑल मार्केट कैप भी काफी दिनों के बाद एक बार फिर 5 ट्रिलियन डॉलर के जादुई आंकड़े को पार कर गया है, जो भारतीय अर्थव्यवस्था और निवेशकों के भरोसे के लिए एक बेहद सकारात्मक संकेत है.

विशेषज्ञों ने खंगाले तेजी के कारण

बाजार के ताजा आंकड़ों पर गौर करें तो सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर 78,520.30 के मुकाबले आज अच्छी बढ़त के साथ खुला. सुबह करीब 10 बजकर 35 मिनट पर सेंसेक्स 537 अंकों की तेजी के साथ 79,058.20 के स्तर पर मजबूती से कारोबार कर रहा था, जबकि ट्रेडिंग सत्र के दौरान इसने 79,096.65 अंकों का अपना दिन का उच्च स्तर भी छुआ. इसी तरह निफ्टी भी 166 अंकों की मजबूती दिखाते हुए 24,532.50 के स्तर पर पहुंच गया. कारोबारी सत्र में निफ्टी ने 24,535.15 का दिन का उच्चतम स्तर रिकॉर्ड किया. इस शानदार रिकवरी के बाद बाजार विशेषज्ञ अब उन पांच प्रमुख कारणों का गहराई से विश्लेषण कर रहे हैं, जिनकी बदौलत शेयर बाजार में यह बंपर उछाल देखने को मिला है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-