जबलपुर. एमपी के जबलपुर में राशन वितरण में अनियमितताओं को लेकर आज राशन दुकानदारों और कार्डधारकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने अपने साथ खाली बोरियां लेकर सांकेतिक विरोध जताया और ज्ञापन सौंपा.
जनसेवक अधिवक्ता रोहित कुरील ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए बताया कि अप्रैल का राशन वितरण 30 अप्रैल तक होना था, लेकिन इसे 15 अप्रैल तक ही बांटा गया. 16 अप्रैल से वितरण अचानक बंद कर दिया गया. इस कारण जिले के 32 हजार से अधिक कार्डधारक राशन से वंचित रह गए. उन्होंने कहा कि डेढ़ से दो लाख हितग्राही प्रभावित हुए हैं, जिन्हें समय पर अनाज नहीं मिल पाया. प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की योजनाओं में कहीं भी यह उल्लेख नहीं है कि राशन केवल 15 तारीख तक ही वितरित किया जाएगा.
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अप्रैल में अचानक एक नया आदेश जारी किया गया, जिसमें मई और जून का राशन भी अप्रैल में ही वितरित करने की बात कही गई. जबकि खुद अप्रैल का राशन ही हजारों लोगों को नहीं मिल पाया था. प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि अप्रैल का शेष राशन तत्काल वितरित किया जाए और मई-जून का राशन अपने निर्धारित समय पर ही दिया जाए, ताकि हितग्राहियों को राहत मिल सके.
मशीनें बंद रहने से भी लौटना पड़ता है खाली हाथ-
प्रदर्शनकारियों का यह भी कहना था कि तकनीकी कारणों से मशीनें बंद रहने के चलते कई लोग राशन दुकानों से खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए. उन्होंने प्रशासन से इस मामले में जिम्मेदारी तय करने और जल्द समाधान करने की मांग की.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

