जबलपुर. एमपी के छिंदवाड़ा में जबलपुर से पहुंची लोकायुक्त की टीम ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग से जुड़े एक पंप अटेंडेंट को 14 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया. आज दोपहर करीब 2 बजे खजरी रोड स्थित एक चाय की दुकान पर की गई.
बताया गया है कि आवेदक सौरभ मिश्रा 38 वर्ष निवासी ग्राम अंबाडा, तहसील परासिया ने पीएचई विभाग में निर्माण कार्य का ठेका लिया था. काम का करीब 30 प्रतिशत पूरा होने पर उसके खाते में 4,11,665 रुपए आए. आरोप है कि इसके बाद विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 संदेश गजभिये ने 6 प्रतिशत कमीशन के हिसाब से लगभग 25 हजार रुपए रिश्वत की मांग की. शिकायत लोकायुक्त जबलपुर से की गई.
सत्यापन के दौरान संदेश गजभिये ने आवेदक को पंप अटेंडेंट दर्पण मिश्रा से संपर्क करने को कहा. आज 21 अप्रैल 2026 को लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही दर्पण मिश्रा ने आवेदक से 14 हजार रुपए लिए, उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया. इस दौरान सहायक ग्रेड-3 संदेश गजभिये की भूमिका भी जांच के दायरे में है. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 12, 13(1)(क्च) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. कार्रवाई में निरीक्षक सुश्री शशिकला मस्कुले, निरीक्षक जितेंद्र यादव, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही. कार्रवाई के बाद आरोपी को एमपीईबी रेस्ट हाउस ले जाकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

