पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान हिंसा की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं. ताजा मामला दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज इलाके से सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उन्हें अपनी जान बचाकर मौके से भागना पड़ा.
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी उम्मीदवार को भीड़ से बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग उन पर थप्पड़ और मुक्के बरसाते नजर आ रहे हैं.
पोलिंग एजेंटों को लेकर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि यह विवाद पोलिंग स्टेशनों पर एजेंटों को हटाने को लेकर शुरू हुआ. शुभेंदु सरकार का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने कई बूथों से BJP के पोलिंग एजेंटों को जबरन बाहर निकाल दिया था. सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे और अपने एजेंटों को वापस अंदर भेजा, तभी स्थिति अचानक हिंसक हो गई.
गाड़ी में तोड़फोड़, उम्मीदवार घायल
हमले के दौरान उपद्रवियों ने उम्मीदवार की गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की. इस घटना में उन्हें चोटें आई हैं. पुलिस और सुरक्षाबलों को उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
चुनाव आयोग सख्त
वीडियो वायरल होने के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने मामले को गंभीरता से लिया है. आयोग ने वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं और स्थानीय प्रशासन से पूरी रिपोर्ट मांगी है.
चुनाव के दौरान इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

