कटनी/जबलपुर. कटनी पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 12 दिन पहले हुई जबलपुर के ट्रक चालक राकेश दाहिया की हत्या खुलासा हुआ है. आरोपियों ने केवल 350 रुपए और एक मोबाइल फोन लूटने के लिए जबलपुर निवासी ड्राइवर की बेरहमी से हत्या की थी.
इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य साथी फिलहाल फरार है. यह सनसनीखेज वारदात 10 और 11 अप्रैल की दरम्यानी रात स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के छपरा नेशनल हाईवे पर हुई थी.
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने जबलपुर निवासी ड्राइवर राकेश के ट्रक में लिफ्ट ली थी. साथ में शराब पीने के बाद आरोपियों ने पैसों की मांग की. ड्राइवर द्वारा मना करने पर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने ट्रक में रखे व्हील पाने और मुक्कों से राकेश के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी उसकी जेब से महज 350 रुपये और मोबाइल लेकर भाग निकले.
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ाए
घटना के बाद जबलपुर की एफएसएल टीम और स्थानीय पुलिस ने साक्ष्य जुटाए थे. हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस संदिग्धों तक पहुंची. 22 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बंधी निवासी रोहित कोल (21) को हिरासत में लिया, जिसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी अमन चौबे उर्फ भूत (22) को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
हथियार और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया व्हील पाना और मृतक का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी मनोज की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
नेशनल हाईवे पर मिला था शव
11 अप्रैल की सुबह डायल 112 को छपरा नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक (एमपी20जीए6242) में खून से लथपथ शव होने की सूचना मिली थी. मृतक की पहचान सिहोरा निवासी राकेश दाहिया के रूप में हुई थी. पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसका 12 दिनों के भीतर खुलासा कर दिया गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

