जबलपुर. वाहन निर्माणी जबलपुर (व्हीएफजे) के श्रमिक नेता की देर रात भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. बताया जाता है कि रात करीब डेढ़ बजे का है, जब कर्मचारी नेता असीम दुबे रांझी में एक विवाह समारोह से शामिल होकर अपने गृहग्राम पिपरिया लौट रहे थे. खमरिया अस्पताल तिराहे के पास शहडोल से जबलपुर की ओर आ रही एंबुलेंस ने उनकी बाइक (एमपी20 जेडए-1445) को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं 36 वर्षीय असीम दुबे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. टक्कर के बाद एंबुलेंस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई और पेड़ से जा टकराई. घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी. हादसे की सूचना मिलते ही खमरिया पुलिस मौके पर पहुंची.
एंबुलेंस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. एंबुलेंस में सवार मरीज को पुलिस और सुरक्षा गार्ड की मदद से दूसरे वाहन से अस्पताल भेजा गया. मृतक असीम दुबे ऑल इंडिया डिफेंस एंप्लाई फेडरेशन की व्हीकल फैक्ट्री कार्य समिति के सचिव थे. उनकी मौत की खबर से कर्मचारियों में शोक की लहर है. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद असीम दुबे का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम पिपरिया में किया जाएगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


