भोपाल. गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए भारतीय रेल ने भोपाल मंडल से गुजरने वाली दो महत्वपूर्ण विशेष ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ा दी है. इस फैसले से भोपाल, इटारसी, रानी कमलापति और बीना से यात्रा करने वाले यात्रियों को उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.
सीएसएमटी-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन के फेरों में विस्तार
पहली ट्रेन गाड़ी संख्या 01079/01080 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–गोरखपुर–छत्रपति शिवाजी टर्मिनस दैनिक विशेष ट्रेन है. यह ट्रेन मुंबई से 15 मई से 15 जुलाई तक और गोरखपुर से 17 मई से 17 जुलाई तक रोजाना चलेगी. इसके कुल 62-62 फेरे लगाए जाएंगे. यह ट्रेन भोपाल मंडल के इटारसी, भोपाल और बीना स्टेशनों पर रुकेगी. इसमें 22 कोच होंगे, जिनमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी शामिल हैं.
पुणे-गोरखपुर दैनिक विशेष ट्रेन का संचालन
दूसरी ट्रेन गाड़ी संख्या 01415/01416 पुणे–गोरखपुर–हडपसर दैनिक विशेष ट्रेन है. यह ट्रेन 15 मई से 15 जुलाई (पुणे से) और 16 मई से 16 जुलाई (गोरखपुर से) तक रोजाना संचालित होगी. यह ट्रेन इटारसी, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और बीना से होकर गुजरेगी. इसमें कुल 18 कोच रहेंगे, जिनमें एसी, स्लीपर और जनरल डिब्बे शामिल हैं.
यात्रियों को मिलेगी भीड़ से मुक्ति
रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों के विस्तार से भोपाल मंडल के यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और भीड़भाड़ कम होगी. साथ ही उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प भी मिलेंगे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

