जबलपुर: रेलवे कोचिंग डिपो के सामने सड़क में ट्रक व छोटा हाथी फंसा, यातायात रहा जाम, खुदाई के बाद लोगों का निकलना हुआ मुहाल

जबलपुर: रेलवे कोचिंग डिपो के सामने सड़क में ट्रक व छोटा हाथी फंसा, यातायात रहा जाम, खुदाई के बाद लोगों का निकलना हुआ मुहाल

प्रेषित समय :20:59:14 PM / Tue, Apr 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. रेलवे के पुल नंबर 1 से कांचघर रोड पर कोचिंग डिपो के ठीक सामने आज मंगलवार की शाम को एक ईंट से भरा ट्रक सड़क में धंस गया. वहीं कुछ देर बात वहीं पर एक छोटा हाथी भी फंस गया, जिसे बमुश्किल निकाला जा सका. इस घटना के चलते काफी देर तक इस मार्ग पर यातायात बाधित रहा.

विदित हो कि अमृत-2 प्रोजेक्ट के तहत नर्मदा जल परियोजना के लिए पाइप लाइन बिछाने के लिए ये सड़कें खोदी गईं है. पाइप लाइन बिछाने के बाद सही ढंग से रिस्टोरेशन का काम नहीं किया जा रहा है. यही कारण है कि डामर की सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और चिकनी मिट्टी से उसे पूरा जा रहा है. जिसके चलते सड़क लगातार धंस रही है और ये हादसों का कारण बना हुआ है.

ईंटों से भरा ट्रक धंसा

बताया जाता है कि शाम को 5 बजे के लगभग ट्रक क्रमांक एमपी-20-जीए-6133 जो कुशनेर से ईंट भरकर ग्वारीघाट जा रहा था. जब ये ट्रक कोचिंग डिपो के सामने पहुंचा तो अचानक उसका पहिया अचानक गड्ढे में पूरा धंस गया. जिसके निकालने का प्रयास सफल नहीं हुआ तो ट्रक से ईंट खालीकर ट्रक को हटाया जा रहा था.

छोटा हाथी भी फंसा

सड़क के हाल इतने खराब हो चुके हैं कि यहीं पर एक छोटा हाथी भी धंस गया. जिसे जेसीबी की मदद से निकाला गया. इस दौरान यहां पर यातायात लगभग 1 घंटे तक बाधित रहा. जिसमें एक एम्बुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही.

आने वाले दिनों होंगे और मुश्किल भरे

पाइप लाइन बिछाने के बाद उसके ऊपर मिट्टी डालकर दिन भर लगातार हैवी रोलर उसके ऊपर चलाया जा रहा है, लेकिन जमीन के अंदर की मिट्टी काफी गीली होने से भारी वाहनों के कारण गड्ढा बन रहा है और वाहन फंस रहे हैं. लोगों का कहना है कि यहां पर हार्ड मुरुम डालकर रोलिंग की जाये तो हालात बेहतर होंगे, अन्यथा कभी भी कोई बड़ा हादसा इस मार्ग पर हो सकता है. लोगों का कहना है कि अभी सूखे मौसम में ये हाल है, आने वाले मानसून के सीजन में तो ये सड़क पूरी तरह धंस जायेगी, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढऩे वाली है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-