नई दिल्ली. सभी 5 राज्यों में वोटिंग खत्म होने के बाद 29 अप्रैल को तमाम सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल के अनुमान जारी किए. नतीजों के मुताबिक, केरल में इस बार यूडीएफ की सरकार बनती दिख रही है. बता दें कि केरल में 9 अप्रैल को एक चरण में वोटिंग हुई थी.
केरल में किसे कितनी सीटें मिलने का अनुमान
एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल्स के मुताबिक, केरल की 140 सीटों में से एलडीएफ को 49-62 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं, यूडीएफ को 78-90 सीटें मिल सकती हैं. बीजेपी को 0-3 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है. यानी केरल में इस बार पिनराई विजयन की सरकार जाती दिख रही है, वहीं कांग्रेस के साथ वाला यूडीएफ गठबंधन सत्ता में आ सकता है.
केरल: 2021 के एग्जिट पोल में क्या था अनुमान
2021 के केरल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों में अधिकतर सर्वे एजेंसियों ने पिनरई विजयन के नेतृत्व वाले सत्ताधारी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की सत्ता में शानदार वापसी की भविष्यवाणी की थी. 140 सीटों वाली केरल विधानसभा में सरकार बनाने के लिए बहुमत का जादुई आंकड़ा 71 था. कई बड़ी सर्वे एजेंसियों ने एलडीएफ को दो-तिहाई बहुमत के करीब या स्पष्ट जीत मिलने का अनुमान लगाया था. वहीं, कुछ और एग्जिट पोल्स में मुख्य विपक्षी दल- संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और एलडीएफ के बीच काफी कड़े मुकाबले का अनुमान जताया गया, हालांकि बढ़त लेफ्ट को ही दी गई थी.
एग्जिट पोल के बाद क्या रहा चुनाव परिणाम
केरल के असल नतीजों ने एग्जिट पोल्स की भविष्यवाणी पर मुहर लगाई और 1977 के बाद पहली बार किसी गठबंधन ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाई. पिनरई विजयन के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने 99 सीटें जीतकर ऐतिहासिक सत्ता वापसी की. मुख्य विपक्षी गठबंधन यूडीएफ को 41 सीटें प्राप्त हुईं. एनडीए अपना खाता खोलने में भी विफल रहा और उसका वोट प्रतिशत भी गिर गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

