जबलपुर: रेल मंडल में डीआरयूसीसी की बैठक में सदस्यों ने यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेन चलाने की रखी मांग

जबलपुर: रेल मंडल में डीआरयूसीसी की बैठक में सदस्यों ने यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई ट्रेन चलाने की रखी मांग

प्रेषित समय :18:32:16 PM / Wed, Apr 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बुधवार 29 अप्रैल को मंडल रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति (डीआरयूसीसी) की 154वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा ने की। बैठक के प्रारंभ में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आनंद कुमार ने सभी सदस्यों का स्वागत किया.

डीआरएम श्री तलरेजा ने अपने संबोधन में मंडल में उपलब्ध कराई जा रही यात्री सुविधाओं तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इसके उपरांत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों एवं यात्रियों को प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं का विस्तार से विवरण प्रस्तुत किया तथा यात्री सुविधाओं के सतत विकास हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में डीआरयूसीसी के कुल 09 सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें सतना से श्री सोमचंद्र ताम्रकार, श्री शुभम त्रिपाठी, श्री केशव बंसल एवं श्री विक्रम सिंह विसेन, कटनी से श्री पवन मित्तल, रीवा से श्री कन्हैया लाल घंशानी, दमोह से श्री सुधीर असाटी, सागर से श्री मोहम्मद इरशाद एवं मैहर से श्री सत्यभान सिंह शामिल थे।

सदस्यों ने रखी ये मांगें

बैठक के दौरान सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित यात्री सुविधाओं के विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। इनमें प्रमुख रूप से ट्रेनों के समय में परिवर्तन, स्टॉपेज बढ़ाने, कोचों की संख्या में वृद्धि, ट्रेनों के फेरे बढ़ाने, नई ट्रेनों का संचालन, एबीएसएस, आरओबी एवं आरयूबी से संबंधित कार्यों में तेजी लाने, स्टेशनों पर साफ-सफाई में सुधार तथा बड़े स्टेशनों के साथ-साथ छोटे स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े सुझाव शामिल रहे। सभी सदस्यों ने जबलपुर मंडल रेल प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आनंद कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, श्री शशांक गुप्ता के साथ ही श्री राम बदन मिश्रा वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) श्री स्वप्निल पाटिल वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कोचिंग) श्री सर्वेश ठाकुर वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सहित विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा द्वारा सभी सदस्यों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया। अधिकारियों ने सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-