धार. मध्य प्रदेश के धार में करीब 50 मजदूरों से भरा पिकअप वाहन टायर फटने से डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया. वाहन ने 3-4 बार पलटी खाई. फिर सड़क के रॉन्ग साइड जाकर स्कॉर्पियो से टकराया. हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, 13 घायल हैं. मृतकों में 6 बच्चे शामिल हैं.
एक्सीडेंट इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग के चिकलिया फाटा पर जियो पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप की रफ्तार करीब 100 किमी प्रतिघंटा रही होगी.
इंदौर- चार घायलों को सरकारी पीएचसी लाया गया
इंदौर में चार घायलों को सरकारी पीएचसी लाया गया था. इनमें से तीन आईसीयू में एडमिट हैं. उनके नाम 21 वर्षीय आरती पति अनुज, 26 वर्षीय विक्रम पिता जगदीश, 47 वर्षीय शारदा पति नरसिंह हैं. 13 वर्षीय काजल पिता मंगल सिंह को सिर में गंभीर चोट लगने पर परिवार अन्य अस्पताल ले गया.
सीएम ने 4-4 लाख रुपए की सहायता का ऐलान किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार हादसे के प्रभावितों के प्रति संवेदना जताई. उन्होंने ङ्ग पर लिखा- मृतकों के परिवारजन को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं.
इंदौर संभागायुक्त और आईजी को उपचार व्यवस्था के लिए धार जाने के निर्देश दिए गए हैं. सभी घायलों का इलाज मुफ्त किया जाएगा. इंदौर में भी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है. धार के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी घटना पर दुख जताया. सभी शवों को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है. एम्बुलेंस से शवों को गृह ग्राम ले जाया जा रहा है.
पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजन को 2-2 लाख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार हादसे पर दुख जताया. उन्होंने एक्स पर लिखा- दुर्घटना में अपने प्रियजन को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए दिए जाएंगे. घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


