जबलपुर/भोपाल। एमपी में देर रात राज्य सरकार ने 62 आईपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर किए है। गृह विभाग द्वारा जारी इस सूची में एडीजी, डीआईजी, एसपी व डीसीपी स्तर तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जबलपुर में लम्बे समय से विशेष शाखा में पदस्थ आशीष खरे को डिंडौरी एसपी बनाया गया है।
बताया गया है कि लंबे समय से लंबित यह सूची मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व डीजीपी कैलाश मकवाणा के बीच हुई गहन चर्चा के बाद जारी की गई। सिंगरौली में हाल ही में हुए बैंक डकैती कांड के बाद एसपी मनीष खत्री को हटा दिया गया है। उन्हें एआईजी पीएचक्यू बनाया गया है। सिवनी जिले में सामने आए हवाला कांड के चलते एसपी सुनील मेहता को भी हटा दिया गया है। उन्हें डीसीपी इंदौर बनाया गया है। तबादला आदेश में डीआईजी बनने के बाद जिलों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी निभा रहे आईपीएस अधिकारियों को नई पदस्थापना दी गई है। पुलिस अधीक्षक रीवा शैलेंद्र चौहान को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), नगरीय भोपाल बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक धार मयंक अवस्थी को डीआईजी नारकोटिक्स, इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक झाबुआ शिवदयाल को डीआईजी पीएचक्यू, भोपाल पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रेडियो रियाज इकबाल को डीआईजी पीएचक्यू, राहुल कुमार लोढ़ा (एसपी रेल भोपाल) को डीआईजी पीएचक्यू, सिमाला प्रसाद (एसपी रेल जबलपुर) को भी डीआईजी पीएचक्यू में पदस्थ किया गया है। इसी तरह असित यादव (एसपी भिंड) को डीआईजी ग्वालियर रेंज और विवेक सिंह (पुलिस उपायुक्त जोन-2, नगरीय भोपाल) को डीआईजी शहडोल रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन 19 जिलों के एसपी बदले-
इस व्यापक बदलाव में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी गई है। खास तौर पर विवादों में रहे जिलों के पुलिस अधीक्षकों को हटाते हुए नई पोस्टिंग दी गई है। प्रदेश के 19 जिलों में एसपी बदले गए हैं। इनमें भिंड, शिवपुरी, रीवा, सागर, धार, मुरैना, छतरपुर, खंडवा, नीमच, पांढुर्णा, आगर मालवा, अनूपपुर, मऊगंज, डिंडौरी, मंदसौर, दतिया, सीहोर, सिंगरौली, दमोह और सिवनी शामिल हैं।



