एमपी: सीधी रेलवे स्टेशन निर्माण अंतिम चरण में, निरीक्षण करने पहुंचे सांसद

एमपी: सीधी रेलवे स्टेशन निर्माण अंतिम चरण में, निरीक्षण करने पहुंचे सांसद

प्रेषित समय :17:49:18 PM / Tue, May 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी जिले की बहुप्रतीक्षित रेलवे परियोजना अब अपने अंतिम चरण में है. मंगलवार 5 मई की दोपहर करीब 2 बजे सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सीधी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. इस दौरान रेलवे विभाग के अधिकारी सुबोध शुक्ला सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे.

सांसद डॉ. मिश्रा ने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, और शेष अंतिम चरण के कार्य जल्द ही पूरे कर लिए जाएंगे. परियोजना को जुलाई के आखिरी सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए.

डॉ. मिश्रा ने कहा कि सीधी जिले के लोगों का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने वाला है. उन्होंने इस परियोजना को केवल एक यातायात सुविधा नहीं, बल्कि जिले के विकास, रोजगार सृजन और नई संभावनाओं का द्वार बताया. उनके अनुसार, रेलवे कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी गति मिलेगी.

सांसद ने इस परियोजना को जनता की उम्मीदों और संघर्षों की जीत करार दिया. उन्होंने कहा कि सीधी से पहली रेल यात्रा जिले के लिए एक ऐतिहासिक पल होगा. स्थानीय ग्रामीण सचिन यादव ने भी बताया कि पूरे क्षेत्र के लोग लंबे समय से ट्रेन सेवा का इंतजार कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि यह सपना जल्द ही हकीकत में बदलेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-